Categories

June 15, 2026

बरेली : दुष्कर्म व धमकी के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

बरेली, । थाना कैंट पुलिस ने दुष्कर्म, अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी तथा जबरन ले जाने के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर मुजीब कुरैशी पुत्र इकबाल कुरैशी निवासी ग्राम मीरपुर वाहनपुर, थाना बीसलपुर, जनपद पीलीभीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया, अश्लील फोटो एवं वीडियो वायरल करने की धमकी दी और जान से मारने की धमकी देते हुए उसे मोटरसाइकिल पर जबरन बैठाकर ले जाने का प्रयास किया।

मुखबिर की सूचना पर थाना कैंट पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। उपनिरीक्षक रोहित तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सैटेलाइट बस स्टैंड क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 36 वर्ष बताई गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपी ने पीड़िता के साथ परिचय और प्रेम संबंध होने का दावा किया तथा विवाह को लेकर विवाद की बात कही।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय धीर, उपनिरीक्षक रोहित तोमर, कांस्टेबल रियाज अली और कांस्टेबल राजीव कुमार शामिल रहे।

About The Author