Categories

October 3, 2026

काम से लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या, चार नामजद पर मुकदमा

बरेली। थाना बरादरी क्षेत्र के गोसाई गोटिया निवासी 21 वर्षीय अर्जुन मौर्य की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई, जब वह डेलापीर स्थित एक बारात घर में डीजे का काम खत्म कर घर लौट रहा था। सिर में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक अर्जुन मौर्य पुत्र राकेश मौर्य के परिजनों ने आरोप लगाया है कि रास्ते में चार लोगों ने उसे रोक लिया और घेरकर गोली मार दी। अर्जुन के पिता राकेश मौर्य ने बताया कि गली के पीछे रहने वाला कुश उर्फ पुत्र अंतराम आए दिन बदमाशी करता था। आरोप है कि उसी ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की हत्या से परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में भी दहशत का माहौल है।

पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की पड़ताल के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About The Author