रतलाम के हतनारा गांव में मातमी जुलूस के दौरान मचा हड़कंप, कई घायलों का मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में इलाज जारी
रतलाम (मध्य प्रदेश)। मोहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान रतलाम जिले के पिपलोदा थाना क्षेत्र के हतनारा गांव में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। करीब साढ़े दस बजे निकाले जा रहे ताजिए का ऊपरी हिस्सा हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया, जिससे पूरे ताजिए में करंट दौड़ गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग झुलस गए। कई अन्य लोग भगदड़ और गिरने से घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ताजिया करीब 15 फीट से अधिक ऊंचा था। जुलूस गांव से गुजर रहा था, तभी वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। बिजली का करंट फैलते ही ताजिया उठा रहे और उसके आसपास चल रहे लोग एक-एक कर नीचे गिर पड़े। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े।
घायलों को तत्काल निजी वाहनों की मदद से रतलाम मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मेडिकल कॉलेज में 32 वर्षीय राशिद खान और जिला अस्पताल में 40 वर्षीय सहू (सद्दू) पिता मोहम्मद हुसैन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
प्रशासन के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी (शहर) राकेश पांडे और सीएसपी सत्येंद्र धनवौरिया ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें करंट लगने के बाद लोग जमीन पर गिरते और अन्य लोग उन्हें बचाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।


Related Posts
भोपाल: इलेक्ट्रिक एयर मैट्रेस में धमाका, झुलसे 88 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
हसीन चेहरे और बड़े सपनों के जाल में फंसे लोग, करोड़ों की ठगी उजागर