
बरेली। इज्जतनगर पुलिस ने केंद्रीय कारागार बरेली से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी और उम्रकैद की सजा काट रहे दोषी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश पुत्र अरविंद, निवासी नन्हेड़ा राजपूत, थाना डिडौली, जनपद अमरोहा के रूप में हुई है। वह वर्ष 2020 में दर्ज पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। 22 जून को केंद्रीय कारागार बरेली में कृषि कार्य के दौरान वह सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

शुक्रवार देर रात इज्जतनगर पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति नैनीताल हाईवे स्थित रेलवे के खंडहर मकान में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जेल से फरार होने के बाद वह परतापुर निवासी एक परिचित के यहां छिपा हुआ था। वहीं से तमंचा लेकर अपने घर जाने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस को देखकर उसने बचने के लिए फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Posts
बरेली एयरपोर्ट की दीवार से लगे बिना फायर NOC चल रहे ढाबे ओर बारातघर ? अग्निकांडों के बाद भी सुरक्षा नियमों पर सवाल, आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली भी घेरे में
बरेली पुलिस का बड़ा एक्शन, 56 शातिर अपराधियों की क्लास-बी हिस्ट्रीशीट खोली
बरेली: चोरी की साजिश रचने वाले गिरोह का फरार आरोपी गिरफ्तार