मानसा (पंजाब)। पंजाब के मानसा शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक विधवा महिला ने कथित तौर पर पहले अपने तीन मासूम बच्चों की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में आर्थिक तंगी को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-3 स्थित इच्छा पूरक गुरुद्वारा साहिब के पास किराये के मकान में रहने वाली 35 वर्षीय संदीप कौर अपने तीन बच्चों के साथ रहती थी। उसके पति का पहले ही निधन हो चुका था। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रही थी।
मृतकों की पहचान संदीप कौर (35), उसकी 12 वर्षीय बेटी खुशप्रीत कौर, 7 वर्षीय बेटी सुमनदीप कौर और 3 वर्षीय बेटे विश्वास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला ने पहले बच्चों का गला घोंटा और बाद में खुद फंदा लगाकर जान दे दी।
घटना का खुलासा तब हुआ जब देर शाम महिला का एक रिश्तेदार घर पहुंचा और अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची थाना सिटी-2 पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
थाना सिटी-2 के प्रभारी कुलवंत सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में महिला द्वारा पहले बच्चों की हत्या और बाद में आत्महत्या करने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। वहीं, सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित किया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।


Related Posts
पंजाब : लुधियाना में सड़क धंसी तो खुली ‘विकास’ की पोल! 50 फीट गहरी खाई के किनारे खड़ा मकान, पंजाब सरकार से उठे सवाल
वैष्णो देवी जा रही ट्रेन में हादसा, 1200 यात्री सुरक्षित; लुधियाना स्टेशन पर दो हिस्सों में बंटी बोगी
ड्यूटी पर जाते समय पंजाब पुलिस के एएसआई की गोली मारकर हत्या