
बरेली। देवरनिया थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का इन्वर्टर, बैटरी, तीन गैस सिलेंडर, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 5,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान थाना देवरनिया में दर्ज तीन अलग-अलग चोरी के मामलों से जुड़ा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ग्राम गिरधरपुर निवासी विष्णु मौर्य और हाशिम के रूप में हुई है। दोनों को बरेली-नैनीताल हाईवे पर ग्राम बसुपुरा के पास स्थित एक खंडहर से गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर देर रात चेकिंग अभियान के दौरान की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने रेलवे कॉलोनी रिछा रोड, गोपालपुर पंचायत भवन और मंगदपुर प्राथमिक विद्यालय में हुई चोरियों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने बताया कि चोरी के बाद सामान को छिपाकर रखा जाता था और बाद में राहगीरों को बेच दिया जाता था। बरामद नकदी भी चोरी का सामान बेचकर प्राप्त होने की बात सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी नशे की लत के कारण चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में आवश्यक धाराएं बढ़ाई गई हैं। आरोपियों के विरुद्ध पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई है।
देवरनिया पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Posts
बरेली : स्वर्गीय प्रोफेसर श्याम बिहारी स्मृति प्रीमियर लीग 5 अक्टूबर से
बरेली में 60.98 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार, कैंट पुलिस ने की कार्रवाई
बरेली में स्पा सेंटर की आड में अनैतिक गतिविधियों का धंधा फल फूल रहा ,ऐसा ही एक वीडियो सिग्नेचर स्पा सेंटर का वायरल