Categories

August 13, 2026

बरेली : पत्नी से परेशान होकर डॉक्टर ने किया सुसाइड सुसाइड से पहले बनाया वीडियो

बरेली ।  शहर के कैंट थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध हालात में जहर खाने के बाद मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक का अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की, प्रताड़ित किया और मुकदमेबाजी की धमकी दी। जिससे आहत होकर उसने जहर खा लिया। परिजनों का यह भी आरोप है कि युवक को अचेत हालत में ससुराल पक्ष के लोग सदर कैंट इलाके में डाकखाने के पास छोड़कर चले गए। बाद में परिवार वालों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक बालाजी नगर, बदायूं रोड निवासी सत्यपाल गोस्वामी ने कैंट थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके बेटे कुलदीप गोस्वामी का उसकी पत्नी गुंजा कुमारी से विवाद चल रहा था।आरोप है कि इस विवाद में गुंजा कुमारी के साथ उसके भाई अमित कुमार, बहन रीना और साडू सतीश भी शामिल थे। परिजनों का आरोप है कि इन लोगों ने कुलदीप को लगातार प्रताड़ित किया। उसके साथ मारपीट की और उसके खिलाफ झूठे आरोप लगाकर मुकदमेबाजी की। इसी तनाव के बीच कुलदीप ने जहर खा लिया।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि जहर खाने के बाद कुलदीप अचेत हो गया तो ससुराल पक्ष के लोग उसे सदर कैंट क्षेत्र में बड़े डाकखाने और मेयर ऑफिस के पास छोड़कर चले गए। इस घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उसे गंगाचरण अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां 3 जुलाई की रात उसे भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान 4 जुलाई की सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में पत्नी गुंजा कुमारी, साला अमित कुमार, साली रीना और साडू सतीश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और फील्ड यूनिट की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि कुलदीप की पहली शादी करीब 15 साल पहले विशारतगंज की दयावती से हुई थी। जिससे उसका एक 13 वर्षीय बेटा भी है। बताया गया कि पहली पत्नी लंबे समय से मायके में रह रही थी और दहेज का मुकदमा भी चल रहा था। करीब तीन महीने पहले दोनों के बीच समझौता हुआ और ढाई लाख रुपये लेकर तलाक हो गया।

इसके बाद करीब दो महीने पहले कुलदीप ने गुंजा कुमारी से शादी की थी। पुलिस के अनुसार शादी के बाद घर से नकदी और जेवर गायब होने को लेकर भी विवाद हुआ था। एक बार मामला समझौते से निपट गया, लेकिन बाद में 70 हजार रुपये गायब होने और पत्नी के घरवालों के खाते में रकम जमा होने की रसीद मिलने के बाद फिर झगड़ा बढ़ गया। इसके बाद पत्नी ने पति और ससुराल वालों पर दहेज व छेड़छाड़ जैसे आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दी थी। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम, पारिवारिक विवाद और मौत से पहले हुई घटनाओं की कड़ियां जोड़कर जांच कर रही है।

About The Author