
सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा— “देश के युवाओं की आकांक्षाओं और भावनाओं का सम्मान करता हूं”, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा इस्तीफा
नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे NEET छात्रों के प्रदर्शन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक लंबा संदेश साझा करते हुए कहा कि वह देश के युवाओं की भावनाओं और आकांक्षाओं का सम्मान करते हैं तथा वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेज दिया है।
धर्मेंद्र प्रधान ने अपने संदेश में कहा कि पिछले चार दशकों से वह छात्र, शिक्षक और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सेवा करने का अवसर उनके लिए गौरव की बात रही है और इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने लिखा कि NEET-UG 2026 परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं के बाद सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच सीबीआई को सौंपी, परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित कराई और भविष्य में परीक्षा को कंप्यूटर आधारित (CBT) मोड में कराने का निर्णय लिया। उनका कहना है कि सरकार की प्राथमिकता 20 लाख से अधिक छात्रों की परीक्षा को निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराना रही।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि किसी भी मेधावी छात्र का भविष्य परीक्षा माफिया के कारण प्रभावित न हो। हालांकि पिछले कुछ दिनों की घटनाओं और छात्रों में पैदा हुई नाराजगी से वह बेहद दुखी हैं।
अपने इस्तीफे के फैसले पर उन्होंने लिखा कि जंतर-मंतर और देशभर में बनी परिस्थितियों का राष्ट्र विरोधी ताकतें लाभ न उठाएं, छात्रों का भविष्य कानूनी विवादों में न उलझे और युवा अपनी पढ़ाई तथा करियर पर ध्यान दे सकें। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री को अपना त्यागपत्र भेजने का निर्णय लिया।
अपने संदेश के अंत में धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मंत्रिपरिषद, मंत्रालय के अधिकारियों, कर्मचारियों और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा उनके जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी वह देश तथा युवाओं की आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए समर्पित रहेंगे।

Related Posts
पान मसाला पैकेजिंग पर प्लास्टिक बैन, FSSAI ने जारी किए नए नियम; कंपनियों को बदलनी होगी पैकिंग
FSSAI की डाबर पर बड़ी कार्रवाई, कई खाद्य उत्पादों की बिक्री पर अस्थायी रोक
यौन उत्पीड़न मामले में बृजभूषण शरण सिंह बरी, कोर्ट से मिली बड़ी राहत