Categories

August 13, 2026

बरेली : ₹1.20 लाख लेने का आरोप: पूर्व सपा जिला अध्यक्ष शिवचरन कश्यप के खिलाफ तहरीर, पुलिस के खौफ में एक घंटे में लौटाए रुपये!

पूर्व सपा जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप के खिलाफ महिला ने कैंट थाने में दी तहरीर, धमकी देने का भी लगाया आरोप

बरेली। थाना कैंट क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप निवासी कांधरपुर के खिलाफ एक महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। शिकायतकर्ता शीतल का आरोप है कि उसके भाई हर्ष को एक एक्सीडेंट केस में पुलिस कार्रवाई और जेल जाने से बचाने के नाम पर ₹1.20 लाख रुपये लिए गए।

महिला के मुताबिक, 15/16 जुलाई 2026 की शाम करीब छह बजे उसने शिवचरन कश्यप के आवास पर यह रकम दी थी। शिकायत में दावा किया गया है कि रुपये जुटाने के लिए उसने अपने जेवर बेचने के साथ लोन भी लिया था।

रुपये वापस मांगने पर टालमटोल का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम देने के बाद भी मामला हल नहीं हुआ। जब उसने रुपये वापस मांगे तो कथित तौर पर उसे लगातार टालमटोल किया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसे बताया गया कि रकम किसी अधिकारी को दे दी गई है।

तहरीर में महिला ने धमकी देने का भी आरोप लगाया है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

तहरीर के बाद वापस किए ₹1.20 लाख

महिला के अनुसार, उसने मामले की जानकारी कैंट थाने में दी और इसके बाद शिवचरन कश्यप को बताया कि उनके खिलाफ पुलिस में तहरीर दी गई है। शिकायतकर्ता का दावा है कि इसके करीब एक घंटे के भीतर पूरी ₹1.20 लाख की रकम वापस कर दी गई।

वरिष्ठ उप निरीक्षक श्रीनिवास करेंगे जांच

पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। वरिष्ठ उप निरीक्षक श्रीनिवास को जांच सौंपी गई है। पुलिस द्वारा रुपये के लेन-देन, रकम वापस किए जाने, धमकी समेत तहरीर में लगाए गए अन्य आरोपों की जांच की जाएगी।

नोट: शिवचरन कश्यप की ओर से इन आरोपों पर कोई पक्ष/प्रतिक्रिया सामने आने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा ।

About The Author