
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान ताइक्वांडो खिलाड़ी से कथित तौर पर डेढ़ लाख रुपये मांगने का मामला सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में एक छात्रा द्वारा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए डेढ़ लाख रुपये मांगे जाने की बात कही गई थी। अब संबंधित ताइक्वांडो खिलाड़ी छात्रा ने वीडियो जारी कर पूरे मामले पर अपनी सफाई दी है।
दरअसल, मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में 12वीं कक्षा की छात्रा एवं ताइक्वांडो खिलाड़ी सायरा का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ था। वीडियो में यह दावा किया गया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए उससे डेढ़ लाख रुपये मांगे जा रहे थे, जिसके कारण वह प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकी।
खिलाड़ी ने कहा- रिश्वत मांगने से जुड़ा नहीं था मामला
वायरल वीडियो के बाद सायरा ने एक नया वीडियो जारी कर कहा कि प्रतियोगिता में जाने से रोकने का मामला रिश्वत मांगने से जुड़ा नहीं था। उसके अनुसार, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए होने वाले खर्च की समय पर व्यवस्था नहीं हो पाई थी, जिसके कारण वह प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो सकी।
सायरा ने बताया कि प्रतियोगिता में जाने के लिए संबंधित फेडरेशन की ओर से उसे करीब 1.70 लाख रुपये दिए जाने थे। इसके अलावा प्रतियोगिता से जुड़े अन्य खर्चों की व्यवस्था उसे स्वयं करनी थी। निर्धारित समय तक आवश्यक धनराशि की व्यवस्था नहीं हो पाने के कारण वह प्रतियोगिता में नहीं जा सकी।
स्कूल और परिजनों को भी पूरी जानकारी नहीं थी
छात्रा के अनुसार, इस संबंध में उसने अपने स्कूल और यहां तक कि परिजनों को भी पूरी जानकारी नहीं दी थी। बाद में वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों से मामले ने अलग रूप ले लिया।
छात्रा की ओर से जारी स्पष्टीकरण के बाद डेढ़ लाख रुपये की कथित रिश्वत मांगने के आरोपों पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब पूरे मामले में वायरल वीडियो और छात्रा के बाद में दिए गए स्पष्टीकरण के बीच की वास्तविक स्थिति सामने आना बाकी है।

Related Posts
उत्तराखंड: बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में कंपनी का सुरक्षा गार्ड गिरफ्तार
देहरादून: 13 दिन तक मृत मानकर किया अंतिम संस्कार, फिर जिंदा घर लौटा शख्स! सिस्टम की जांच पर बड़े सवाल
तलवारबाजी से बवाल: सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खूनी संघर्ष, आठ घायल, बदरीनाथ यात्रा घंटों रही बाधित