Categories

September 25, 2026

बदायूं में दर्दनाक हादसा: टीनशिट से गर्दन कटने से युवक की मौत, 8 दिन पहले बना था पिता

बदायूं। इस्लामनगर थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव के पास गुरुवार रात करीब 9 बजे दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बाइक से फैक्ट्री जा रहे युवक की गर्दन टीनशिट की चपेट में आने से कट गई। हादसे में उसके साथ बाइक पर मौजूद दो अन्य युवक भी घायल हुए हैं।

मृतक की पहचान अंकुश सिंह (24) निवासी जाफरपुर गांव के रूप में हुई है। अंकुश चंदौसी की एक फैक्ट्री में नाइट शिफ्ट की ड्यूटी करने जा रहा था। उसके साथ चचेरा भाई राकेश और पड़ोसी दिलीप बाइक पर सवार थे।

मजदूरों के हाथ से छूटी टीनशिट बनी मौत की वजह

बताया गया कि जाफरपुर गांव के पास कुछ मजदूर पिकअप से टीन की शीट उतार रहे थे। इसी दौरान मजदूरों के हाथ से एक टीनशिट अचानक छूट गई। टीन सड़क पर घूमते हुए विपरीत दिशा में मुड़ गई और इसी दौरान वहां से गुजर रही बाइक उसकी चपेट में आ गई।

धारदार टीन अंकुश की गर्दन पर लगी, जिससे उसकी गर्दन का बड़ा हिस्सा कट गया और मौके पर ही गंभीर रक्तस्राव होने लगा। पीछे बैठे राकेश और दिलीप भी घायल हुए।

राकेश और दिलीप ने अंकुश को संभाला और चंदौसी के निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

8 दिन पहले ही बना था पिता

अंकुश की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। करीब डेढ़ साल पहले उसकी शादी प्रियंका से हुई थी। महज 8 दिन पहले ही प्रियंका ने बेटे को जन्म दिया था। परिवार में बच्चे के जन्म को लेकर खुशियां थीं और नामकरण की तैयारी चल रही थी, लेकिन हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

इस्लामनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह के मुताबिक, शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले में केस दर्ज किया जाएगा। पुलिस टीन उतार रहे मजदूरों और पिकअप चालक की तलाश कर रही है।

 

 

About The Author