Categories

October 20, 2026

गुरुग्राम में तड़के चार बजे मुठभेड़: सीआईए नूंह ने गो-तस्कर शाहिद को किया ढेर, 40 से ज्यादा केस थे दर्ज

गुरुग्राम ।हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार तड़के सीआईए नूंह की टीम और गो-तस्करी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। सोहना-पलवल रोड पर सिलानी मोड़ के पास हुई इस मुठभेड़ में वांछित आरोपी शाहिद उर्फ आडवाणी (27) की गोली लगने से मौत हो गई। शाहिद नूंह के खरखड़ी गांव का निवासी था। उसके खिलाफ 40 से अधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

शाहिद पर गो-तस्करी के साथ एटीएम मशीन उखाड़ने के भी आरोप थे। नूंह क्राइम ब्रांच की टीम उसे तलाश रही थी।

पीछा करने के दौरान हुई मुठभेड़

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब चार बजे सीआईए नूंह की टीम को गो-तस्करी के आरोपियों के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों का पीछा शुरू किया। आरोपी थार गाड़ी नंबर HR 51 BR 6483 में दो गायों को लेकर जा रहे थे।

पुलिस टीम ने सोहना-पलवल रोड पर सिलानी मोड़ के पास गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से शाहिद उर्फ आडवाणी घायल हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

मुठभेड़ के बाद पुलिस टीम घायल शाहिद को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंची। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल, सोहना में रखवाया गया।

मौके पर पहुंची पुलिस और जांच टीम

घटना की सूचना मिलने के बाद सीन ऑफ क्राइम और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और मुठभेड़ से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की।

गाड़ी में मौजूद गायों की स्थिति और उनकी जांच के लिए पशु चिकित्सक को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने थार गाड़ी को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

मुठभेड़ के दौरान मौके से फरार हुए दोनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि फरार आरोपियों के भागने की दिशा और उनके बारे में सुराग मिल सके।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच जारी है। मुठभेड़ के दौरान हुई कार्रवाई, आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद किया जा सकेगा।

About The Author