Categories

June 13, 2026

बरेली :जनसुनवाई में डीएम की संवेदनशील पहल, किडनी पीड़ित बच्चे को दिलाया तत्काल उपचार अचेत व्यक्ति को भी डीएम ने खुद पहुंचाया जिला अस्पताल

बरेली । कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को आयोजित जनता दर्शन (जनसुनवाई) के दौरान जिलाधिकारी अविनाश सिंह की संवेदनशीलता और मानवीय पहल देखने को मिली। जनसुनवाई में फरियाद लेकर पहुंची एक महिला के बीमार बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल उपचार की व्यवस्था कराई।

महिला ने जिलाधिकारी को बताया कि उसके बच्चे की दोनों किडनी खराब हैं और उसका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। आर्थिक तंगी के कारण वह आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए कलेक्ट्रेट आई थी। मामले की गंभीरता को समझते हुए जिलाधिकारी ने तुरंत हस्तक्षेप किया।

‘नो व्हीकल डे’ होने के बावजूद उन्होंने बाहर से टैम्पो मंगवाकर महिला और बच्चे को जिला अस्पताल भिजवाया तथा संबंधित अधिकारियों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने महिला को भरोसा दिलाया कि बच्चे के उपचार में प्रशासन हरसंभव मदद करेगा।

इसी दौरान जिलाधिकारी कार्यालय में मिलने आए एक अन्य व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़ा। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पानी आदि डालकर उसे होश में लाने का प्रयास किया और तुरंत जिला अस्पताल भेजने की व्यवस्था कराई।

विशेष बात यह रही कि जिलाधिकारी स्वयं भी उस व्यक्ति के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और उसका स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि व्यक्ति पूरी तरह स्वस्थ है तथा तेज गर्मी के कारण वह अचेत हो गया था।

जिलाधिकारी ने दोनों मरीजों के समुचित उपचार के निर्देश देते हुए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

About The Author