Categories

June 10, 2026

650 करोड़ का महाघोटाला! दिल्ली स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप, 2 बड़े डॉक्टर सस्पेंड, टेंडर फाइलें भी गायब

ACB की FIR के बाद बड़ा एक्शन, करोड़ों की खरीद में गड़बड़ी के आरोप; जांच के बीच कई अहम दस्तावेज नहीं मिले, 40 डॉक्टरों के तबादले भी हुए।

नई दिल्ली। दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग में कथित 650 करोड़ रुपये के दवा और मेडिकल उपकरण खरीद घोटाले ने सियासी और प्रशासनिक गलियारों में भूचाल ला दिया है। भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) की FIR के बाद दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य विभाग के दो वरिष्ठ अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन डीजीएचएस डॉ. वत्सला अग्रवाल और सीपीए के पूर्व एचओओ डॉ. विनोद कुमार रंगा को निलंबित कर दिया है।

जांच एजेंसियों के अनुसार मामला सरकारी अस्पतालों के लिए दवाइयों, सी-आर्म मशीनों, पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों, एनेस्थीसिया स्टेशन, अस्पताली चादरों और अन्य मेडिकल उपकरणों की खरीद से जुड़ा है। आरोप है कि कई वस्तुओं की खरीद बाजार मूल्य से कहीं अधिक कीमत पर की गई, जिससे सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।

 

जांच में नया मोड़: टेंडर फाइलें गायब

मामले में सबसे सनसनीखेज खुलासा तब हुआ जब जांच टीम ने सीपीए कार्यालय में दस्तावेजों की जांच की। सूत्रों के मुताबिक कई महत्वपूर्ण टेंडरों से जुड़ी फाइलें और रिकॉर्ड नहीं मिले। जांच एजेंसियों को आशंका है कि खरीद प्रक्रिया से जुड़े कुछ अहम दस्तावेज जानबूझकर हटाए गए हो सकते हैं।

 

40 डॉक्टरों के तबादले

सूत्रों के अनुसार जांच शुरू होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। अब तक करीब 40 डॉक्टरों के तबादले किए जा चुके हैं। माना जा रहा है कि सरकार जांच को प्रभावित करने की किसी भी संभावना को खत्म करना चाहती है।

 

सरकार का दावा: भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस

दिल्ली सरकार ने कहा है कि मामले में स्वतः संज्ञान लेकर FIR दर्ज कराई गई है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति दोहराते हुए कहा है कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।

 

बढ़ सकती है मुश्किलें

ACB, सतर्कता विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें दस्तावेजों की जांच में जुटी हैं। सूत्रों का दावा है कि आने वाले दिनों में कई और अधिकारियों से पूछताछ हो सकती है और जांच का दायरा बढ़ सकता है।

मुख्य बिंदु :

  • 🚨 650 करोड़ का मेडिकल घोटाला!
  • ⚠️ 2 बड़े डॉक्टर सस्पेंड
  • 📂 टेंडर फाइलें गायब!
  • 🔍 ACB जांच में बड़े खुलासे
  • 🏥 40 डॉक्टरों का तबादला

About The Author