बरेली के मीरगंज के सैंजना गांव में धार्मिक सभा के दौरान विवाद, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर की कार्रवाई
बरेली। बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के सैंजना गांव में कथित धर्मांतरण के प्रयास का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आरोप है कि आरोपी लोगों को नौकरी, आर्थिक मदद, पैसे और शादी का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहा था। शिकायत में यह भी कहा गया है कि धार्मिक सभा के दौरान कथित रूप से हिंदू देवी-देवताओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सभा के दौरान प्रार्थना के माध्यम से भूत-प्रेत, जादू-टोना और गंभीर बीमारियों को ठीक करने जैसे दावे किए जा रहे थे। साथ ही धार्मिक प्रचार सामग्री बांटी जा रही थी। शिकायत के अनुसार जब कुछ लोगों ने प्रचार सामग्री लेने से इनकार किया तो उनके साथ कथित रूप से अभद्र टिप्पणी भी की गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। लोगों ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर विषय बताया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मीरगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पूरे घटनाक्रम पर पुलिस की नजर बनी हुई है ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे।


Related Posts
गोरखपुर : PUBG में 3 लाख रुपये हारे 11वीं के छात्र ने रची अपने अपहरण की झूठी कहानी, AI से बनवाई ‘खून से लथपथ’ फोटो
बरेली : समय पर राजस्व टीम पहुंचती तो कलेक्ट्रेट तक नहीं पहुंचता मामला, पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार
बरेली : सुरक्षा के साथ सम्मान भी: शेरगढ़ पुलिस ने कांवड़ियों को बांटी टी-शर्ट