Categories

September 13, 2026

बरेली: इज्जतनगर पुलिस पर युवक को अवैध हिरासत में रखने और ₹10 हजार मांगने का आरोप, एसएसपी से शिकायत

बरेली। इज्जतनगर थाना पुलिस पर एक व्यक्ति ने खुद ओर उनके बेटे को कथित तौर पर अवैध रूप से हिरासत में लेने और ₹10 हजार की मांग करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बरेली को शिकायती पत्र देकर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता राजकुमार पुत्र टीका राम, निवासी ग्राम अकदुल्लापुर माफी, थाना इज्जतनगर, ने बताया कि 28 जुलाई 2026 को कुछ कहासुनी के मामले में उनके पुत्रों के खिलाफ उनके छोटे भाई के पुत्र ने मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत के मुताबिक इस मामले में विवेचक द्वारा कुछ धाराओं में बदलाव भी किया गया था।

राजकुमार का आरोप है कि 18 अगस्त 2026 की रात करीब 1 बजे दरोगा आफताब खान और अन्य पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे। आरोप है कि पुलिस उनके पुत्र संजय को आफताब खान के आवास पर ले गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक वहां उससे कथित तौर पर ₹10,000 की मांग की गई। रकम देने में असमर्थता जताने पर पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायत में यह भी आरोप है कि पुलिस ने बाद में राजकुमार को उनके घर से दबिश देकर उठाया और उनके साथ भी कथित मारपीट की। शिकायतकर्ता का कहना है कि जिन धाराओं में उनके पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, उनमें गिरफ्तारी नहीं की गई थी, बावजूद इसके उन्हें हिरासत में रखा गया।

परिजनों द्वारा गिरफ्तारी के बारे में जानकारी मांगे जाने पर कथित तौर पर दरोगा ने गिरफ्तारी से इनकार किया। शिकायत के अनुसार, राजकुमार को 20 अगस्त की दोपहर करीब 12 बजे छोड़ दिया गया, जबकि उनका पुत्र संजय अभी भी पुलिस हिरासत में बताया गया है।

राजकुमार ने एसएसपी से मामले की जांच कराते हुए आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

About The Author