
बरेली। इज्जतनगर थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात सैदपुर पिकेट चेक पोस्ट के पास मुठभेड़ के दौरान लूट की घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पीछा कर दबोच लिया गया। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान पीलीभीत रोड की ओर से आ रही एक स्प्लेंडर बाइक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों युवक बाइक लेकर भाग निकले। पीछा करने पर बाइक फिसलकर खेत में गिर गई। इस दौरान पीछे बैठे आरोपी ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी जीतू उर्फ जतिन (22) निवासी काशीराम कॉलोनी के पैर में गोली लग गई। उसके कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
दूसरे आरोपी शिवा (20) निवासी चनेहटा को करीब 100 मीटर दूर से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी तलाशी में 11 जुलाई को आलोक नगर में हुई लूट का मंगलसूत्र बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि बरामद स्प्लेंडर बाइक भी उसी लूट में प्रयुक्त हुई थी।
इज्जतनगर थाने में दर्ज लूट के मुकदमे की जांच में तीसरे आरोपी लकी उर्फ पवन की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास है। मुठभेड़ के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Posts
गोरखपुर : PUBG में 3 लाख रुपये हारे 11वीं के छात्र ने रची अपने अपहरण की झूठी कहानी, AI से बनवाई ‘खून से लथपथ’ फोटो
बरेली : समय पर राजस्व टीम पहुंचती तो कलेक्ट्रेट तक नहीं पहुंचता मामला, पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार
बरेली : सुरक्षा के साथ सम्मान भी: शेरगढ़ पुलिस ने कांवड़ियों को बांटी टी-शर्ट