Categories

August 13, 2026

बिहार : भोजपुर भारत तिवारी एनकाउंटर मामला: पहली गोली चलाने के आरोपी STF जवान अक्षय कुमार गिरफ्तार

आरा/भोजपुर। भोजपुर जिले के बिलौटी में चर्चित भारत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई हुई है। मामले में पहली गोली चलाने के आरोपी STF जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से जांच में सहयोग नहीं कर रहा था और लगातार फरार चल रहा था।

तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल सर्विलांस की मदद से गुरुवार देर रात उसे गिरफ्तार किया गया। भोजपुर एसपी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पटना STF की एसओजी टीम में तैनात था। एनकाउंटर मामले में उसकी सरकारी पिस्टल पहले ही जब्त की जा चुकी थी और उसे पहले ही निलंबित किया जा चुका था।

भारत तिवारी के परिजनों ने कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। परिवार का कहना है कि यह गिरफ्तारी न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

मां के बयान पर दर्ज हुई थी FIR

22 जून को मृतक भारत तिवारी की मां आशा देवी की तहरीर पर शाहपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। एफआईआर में तत्कालीन जगदीशपुर एसडीपीओ राजेश कुमार, शाहपुर के तत्कालीन थाना प्रभारी राजेश मालाकार समेत अन्य पुलिसकर्मियों को नामजद किया गया था।

एफआईआर के अनुसार 17 जून को भारत तिवारी बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं उठाने के लिए फेसबुक लाइव कर रहे थे। आरोप है कि उन्होंने हथियार जमीन पर रखकर आत्मसमर्पण कर दिया था, इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मामले की जांच न्यायिक आयोग कर रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से जांच को गति मिलेगी, जबकि पूरे मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।

About The Author