Categories

August 13, 2026

बिहार में LLB प्रवेश परीक्षा का पेपर लीक, मोबाइल से फोटो खींचकर व्हाट्सएप पर किया वायरल

पटना। पटना विश्वविद्यालय की एलएलबी (LLB) प्रवेश परीक्षा के दौरान शनिवार को पटना कॉलेज परीक्षा केंद्र से प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, एक छात्र परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन लेकर पहुंचा और परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र की फोटो खींचकर व्हाट्सएप के जरिए वायरल कर दी।

विश्वविद्यालय के अनुसार, प्रश्नपत्र दोपहर 12 बजकर 2 मिनट पर वायरल हुआ। उस समय परीक्षा केंद्र का जैमर बंद था। सूचना मिलते ही जैमर चालू किया गया, लेकिन तब तक प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर पहुंच चुका था।

बताया गया कि परीक्षा केंद्र के बाहर पुलिस तैनात थी और प्रवेश से पहले छात्रों की जांच भी की गई थी। इसके बावजूद छात्र मोबाइल लेकर परीक्षा हॉल में कैसे पहुंचा, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं। वायरल करने वाले छात्र का मोबाइल जब्त किए जाने और उसकी पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

हालांकि, पटना विश्वविद्यालय ने परीक्षा रद्द नहीं करने का फैसला लिया है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. बीके लाल ने कहा कि प्रश्नपत्र वायरल जरूर हुआ, लेकिन उसका उत्तर परीक्षा हॉल के अंदर नहीं पहुंच सका, इसलिए परीक्षा प्रभावित नहीं हुई। विश्वविद्यालय का कहना है कि दोषी छात्र की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

About The Author