
बरेली। थाना कैंट पुलिस और राज्य कर विभाग की संयुक्त टीम ने विभागीय अभिरक्षा से बिना अनुमति बाहर ले जाई गई बस को करीब सात घंटे में बरामद कर लिया। बस में करीब 11 लाख रुपये कीमत के खिलौने और सर्किट बोर्ड लदे थे।
जानकारी के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को वाहन संख्या UP81DT-2690 को राज्य कर विभाग, बरेली ने जांच के लिए डिटेन कर विभागीय अभिरक्षा में रखा था। जांच के दौरान बस में बिना वैध प्रपत्रों के खिलौने और सर्किट बोर्ड मिले थे। इनकी कीमत करीब 11 लाख रुपये बताई गई थी। विभाग की ओर से 3,05,842 रुपये की राजस्व मांग भी सृजित की गई थी और कार्रवाई पूरी होना बाकी था।
18 सितंबर को करीब 3:22 बजे चालक दानिश अली ने वाहन स्वामी फहीम अहमद के साथ मिलकर बिना विभागीय अनुमति या रिलीज आदेश के बस को माल समेत विभागीय परिसर से बाहर निकाल लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना कैंट पुलिस और राज्य कर विभाग की संयुक्त टीम ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया।
तलाश के दौरान टीम ने पीलीभीत रोड पर रिठौरा टोल से करीब 200 मीटर पूर्व बस को माल समेत बरामद कर लिया। पुलिस ने बस और उसमें लदे माल को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि बस में सवार आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
मामले में थाना कैंट, बरेली में मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की पहचान फहीम अहमद पुत्र बाबू खान और दानिश अली पुत्र वाजिद अली के रूप में हुई है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना कैंट के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर, राज्य कर विभाग की एसी दीप्ति सिंह मय टीम, उपनिरीक्षक राजीव पटेल समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Related Posts
पीलीभीत में अंतरजनपदीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, स्थानीय सरगना समेत चार गिरफ्तार
बरेली: दहेज में बुलेरो और 10.50 लाख रुपये की मांग का आरोप, विवाहिता को प्रताड़ित करने की शिकायत
बदायूं में दर्दनाक हादसा: टीनशिट से गर्दन कटने से युवक की मौत, 8 दिन पहले बना था पिता