
बरेली । थाना भोजीपुरा पुलिस ने देर रात्रि गश्त एवं चेकिंग के दौरान गौवंशीय पशु के वध की फिराक में घूम रहे एक शातिर बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। उसका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 08 जून 2026 की रात्रि थाना भोजीपुरा पुलिस टीम शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति पचौरी पेट्रोल पंप के सामने स्थित सरकारी नलकूप के पास गौवंशीय पशुओं के वध की तैयारी में घूम रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर लगभग 01:50 बजे दोनों संदिग्धों की घेराबंदी की। स्वयं को पुलिस से घिरा देखकर बदमाशों ने अवैध असलाहों से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान आरक्षी सुमित कुमार के बाएं हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल बदमाश की पहचान कल्लू उर्फ कलुवा पुत्र इब्राहीम, निवासी ग्राम भूड़ा, थाना भोजीपुरा, जनपद बरेली, उम्र 34 वर्ष के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) तथा गौकशी में प्रयुक्त होने वाले उपकरण (छुरी, कुल्हाड़ी आदि) बरामद किए गए।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि वह अपने साथी जफर उर्फ रमन कालिया पुत्र नजीर अहमद उर्फ गंठा, निवासी परतापुर जीवन सहाय, थाना इज्जतनगर, जनपद बरेली के साथ मिलकर एक आवारा गौवंशीय पशु का वध कर उसका मांस ले जाने की योजना बना रहा था। पुलिस द्वारा घेराबंदी किए जाने पर दोनों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग की और भागने का प्रयास किया।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त कल्लू उर्फ कलुवा गौकशी का अभ्यस्त अपराधी है। उसके विरुद्ध जनपद बरेली के विभिन्न थानों में गौकशी, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
घायल अभियुक्त एवं घायल आरक्षी को उपचार हेतु अस्पताल भेज दिया गया है। मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है ।

Related Posts
बरेली : स्वर्गीय प्रोफेसर श्याम बिहारी स्मृति प्रीमियर लीग 5 अक्टूबर से
बरेली में 60.98 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार, कैंट पुलिस ने की कार्रवाई
बरेली में स्पा सेंटर की आड में अनैतिक गतिविधियों का धंधा फल फूल रहा ,ऐसा ही एक वीडियो सिग्नेचर स्पा सेंटर का वायरल