Categories

November 12, 2026

यूपी में पुलिस महकमे पर DGP राजीव कृष्ण का बड़ा एक्शन, 10 थानाध्यक्ष प्रत्यावर्तित

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर डीजीपी राजीव कृष्ण ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने 9 जनपदों के 10 थानाध्यक्षों को प्रत्यावर्तित करते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही थानों और चौकी स्तर पर लंबित जनशिकायतों की तीन दिन के भीतर समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।

इन 9 जनपदों के 10 थानाध्यक्षों पर कार्रवाई के निर्देश

  • खीरी: मैलानी और फरधान
  • उन्नाव: सोहरामऊ
  • एटा: जसरथपुर
  • आगरा: लोहामंडी
  • प्रतापगढ़: महेशगंज
  • बदायूं: उसावा
  • बिजनौर: चांदपुर
  • मथुरा: जैत
  • लखनऊ: बाबू बनारसीदास

तीन दिन में लंबित शिकायतों की समीक्षा के निर्देश

डीजीपी राजीव कृष्ण ने निर्देश दिए हैं कि थानों और चौकियों पर लंबित जनशिकायतों की तीन दिन के भीतर समीक्षा कर आख्या प्रस्तुत की जाए। जनपदीय पुलिस प्रभारी शिकायतों के लंबित रहने के कारणों की जांच करेंगे और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

समीक्षा रिपोर्ट रेंज और जोन के माध्यम से डीजीपी को भेजी जाएगी। डीजीपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनशिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संवेदनशील तरीके से किया जाए। शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने और कर्तव्यों में लापरवाही बरतने वाले थानाध्यक्षों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को जनशिकायतों के निस्तारण में जवाबदेही तय करने और लापरवाही पर सख्ती बरतने के कदम के रूप में देखा जा रहा है।

About The Author