
किसानों के मुद्दों पर विपक्ष का साथ नहीं मिलने का आरोप, भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने
देहरादून । उत्तराखंड विधानसभा सत्र से पहले खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के इस्तीफे के ऐलान ने प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। किसानों की फसल बर्बादी, गन्ना भुगतान, कर्ज और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष का साथ नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए उमेश कुमार ने विधानसभा की सदस्यता छोड़ने की बात कही है। उनके इस बयान के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
उमेश कुमार ने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में आई आपदा के दौरान किसानों की फसलें बर्बाद हुईं, गन्ना भुगतान लंबित रहा और किसानों के खिलाफ आरसी जारी की गईं, लेकिन विपक्ष ने इन मुद्दों पर सदन में उनका साथ नहीं दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने से वह नाराज हैं और इसी वजह से इस्तीफे का ऐलान किया है। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस, दोनों से दूरी बनाए रखने की बात भी कही।
भाजपा ने विपक्ष को घेरा
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने उमेश कुमार के बयान को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उमेश कुमार के आरोपों से विपक्ष की गैर-जिम्मेदाराना भूमिका सामने आती है। ठाकुर के मुताबिक, विपक्ष ने जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से काम करने के बजाय अपने स्वार्थ के लिए हंगामा किया। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार सभी विधायकों को सहयोग देती रही है।
कांग्रेस ने बताया भाजपा की ‘बी-टीम’
वहीं, कांग्रेस की वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने उमेश कुमार के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उमेश कुमार सत्ता के दबाव में काम कर रहे हैं और भाजपा की ‘बी-टीम’ की तरह व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में उमेश कुमार ने जनता और किसानों के लिए कौन-से प्रमुख मुद्दे सदन में उठाए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया कि पार्टी नेता काजी निजामुद्दीन सहित विपक्ष लगातार किसानों और बेरोजगारों के मुद्दों पर संघर्ष करता रहा है। उन्होंने उमेश कुमार पर निजी स्वार्थ की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
इस्तीफे के ऐलान पर टिकी निगाहें
उमेश कुमार के इस्तीफे के ऐलान ने उत्तराखंड की सियासत में नई बहस छेड़ दी है। जहां भाजपा ने इसे विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाने का अवसर बनाया है, वहीं कांग्रेस ने विधायक के कदम को राजनीतिक दबाव से जोड़कर निशाना साधा है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि उमेश कुमार अपने इस्तीफे के ऐलान पर कायम रहते हैं या आगे कोई नया राजनीतिक घटनाक्रम सामने आता है।

Related Posts
दो सूट से शुरू हुआ सियासी सफर, आज 210 करोड़ की संपत्ति की मालकिन?’ रेखा आर्य पर पति पप्पू गिरधारी के आरोपों से सियासी भूचाल!
उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य का पति पर गंभीर आरोप, ऑडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
बाबा नीम करौली की कहानी: हनुमान भक्ति से लेकर कैंची धाम तक, जानिए क्यों दुनिया भर में प्रसिद्ध हैं संत