Categories

November 24, 2026

यूपी चुनाव से पहले महिलाओं को ₹20-20 हजार देने की तैयारी! दिसंबर में खातों में आ सकती है रकम, 40 हजार करोड़ के बजट का प्रस्ताव

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले महिला मतदाताओं को साधने के लिए भाजपा सरकार एक बड़ी आर्थिक सहायता योजना लाने की तैयारी में जुटी है। दैनिक भास्कर की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य सरकार महिलाओं के बैंक खातों में सीधे ₹20,000 ट्रांसफर करने की योजना पर विचार कर रही है। इसके लिए आगामी विधानसभा के शीतकालीन सत्र में करीब 40 हजार करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया जा सकता है।

सरकार दिसंबर महीने में ही महिलाओं के खातों में ₹10-10 हजार रुपये की दो किस्तें भेज सकती है। हालांकि, अभी तक इस योजना के नाम, पात्रता और अंतिम स्वरूप पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।

दो विकल्पों पर हो रहा विचार

महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए सरकार के सामने फिलहाल दो विकल्प बताए जा रहे हैं।

1\. बीपीएल परिवारों की महिला मुखिया: उत्तर प्रदेश में करीब 3.64 करोड़ गरीब परिवार बीपीएल श्रेणी में हैं। प्रस्ताव है कि प्रत्येक परिवार की महिला मुखिया को दो किस्तों में कुल ₹20 हजार दिए जाएं।

2\. स्वयं सहायता समूह की महिलाएं: दूसरा विकल्प राज्य आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं का है। प्रदेश में करीब एक करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों (SHG) की सदस्य हैं। उन्हें आर्थिक सहायता देकर स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर भी विचार किया जा रहा है

दिल्ली-लखनऊ की बैठक में होगा फैसला

योजना के प्रारूप को अंतिम रूप देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के बीच अहम बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सहमति से योजना लागू करने पर निर्णय लिया जा सकता है।

बिहार मॉडल पर यूपी में भी तैयारी?

भाजपा पहले बिहार में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का प्रयोग कर चुकी है। वहां मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत करीब 1.56 करोड़ महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये भेजे गए थे। इस पर लगभग 15,600 करोड़ रुपये खर्च हुए।

भाजपा उत्तर प्रदेश में भी इसी तरह के मॉडल को दोहराने की रणनीति पर काम कर रही है।

6.20 करोड़ महिला मतदाताओं पर नजर

उत्तर प्रदेश में महिला मतदाताओं की संख्या करीब 6.20 करोड़ बताई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, विशेष पुनरीक्षण (SSR) के बाद यह आंकड़ा 6.30 करोड़ तक पहुंच सकता है।

  • कुल मतदाता: 13,58,68,905
  • पुरुष मतदाता: 7,38,58,510
  • महिला मतदाता: 6,20,06,353
  • ट्रांसजेंडर मतदाता: 4,021

भाजपा 26 से 28 नवंबर तक प्रदेशभर में महिला मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने के लिए विशेष अभियान भी चलाने जा रही है।

चुनाव से पहले बड़ा सियासी दांव?

भाजपा का मानना है कि महिला मतदाता चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकती हैं। ओडिशा में सुभद्रा योजना और छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना जैसे उदाहरणों के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी महिलाओं को सीधे आर्थिक सहायता देने की संभावित रणनीति पर चर्चा तेज है।

हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यही है कि ₹20 हजार की यह सहायता किन महिलाओं को मिलेगी और इसकी पात्रता क्या होगी?

About The Author

You may have missed