
पीलीभीत। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के बिलहरी गांव में मंगलवार सुबह करीब 50 वर्षीय वेदराम की बांके से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, घटना में गांव के ही रामदेव और श्यामदेव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वेदराम सुबह घर से टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में रामदेव और श्यामदेव ने कथित तौर पर उन पर बांके से हमला कर दिया। हमले में वेदराम की मौके पर मौत हो गई।
20 साल पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि करीब 20 वर्ष पहले वेदराम ने आरोपियों के पिता नंदराम की हत्या की थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते वर्तमान घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस इसी एंगल से मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Posts
बरेली : स्वर्गीय प्रोफेसर श्याम बिहारी स्मृति प्रीमियर लीग 5 अक्टूबर से
बरेली में 60.98 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार, कैंट पुलिस ने की कार्रवाई
बरेली में स्पा सेंटर की आड में अनैतिक गतिविधियों का धंधा फल फूल रहा ,ऐसा ही एक वीडियो सिग्नेचर स्पा सेंटर का वायरल