Categories

June 13, 2026

कानपुर में युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला: अपहरण के बाद शव 300 किमी दूर बुलंदशहर में फेंकने का आरोप

कानपुर। बर्रा थाना क्षेत्र की एक युवती के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार, दो आरोपियों ने युवती का अपहरण करने के बाद उसकी हत्या कर दी और शव को कार में रखकर करीब छह घंटे तक घुमाते हुए लगभग 300 किलोमीटर दूर बुलंदशहर ले जाकर फेंक दिया।

मृतका अपनी मां के साथ रहती थी। परिजनों के मुताबिक युवती ने कुछ समय पहले देवकांत उत्तम और विवेक पटेल के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद 25 मई को वह अचानक लापता हो गई। मां की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मामले ने नया मोड़ तब लिया जब आरोपी विवेक पटेल ने उन्नाव में खुद पर गोली चलने की रिपोर्ट दर्ज कराई और दावा किया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे गोली मारी है। वहीं दूसरे आरोपी देवकांत उत्तम ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताते हुए साजिश का शिकार होने की बात कही। हालांकि पुलिस की लगातार पूछताछ और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया में दोनों के बयान संदिग्ध पाए गए।

पुलिस को उन्नाव के एक अस्पताल में कार्यरत सुरक्षा गार्ड से महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके बाद जांच की दिशा बदल गई। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने कथित रूप से युवती का अपहरण कर उसकी हत्या की और शव को कार में रखकर गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते बुलंदशहर ले जाकर फेंक दिया।

इसके बाद पुलिस ने बुलंदशहर में मिले एक अज्ञात शव की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह शव लापता युवती का हो सकता है। शव का पोस्टमार्टम पहले ही कराया जा चुका है और अब पहचान तथा अन्य साक्ष्यों के मिलान की प्रक्रिया जारी है।

डीसीपी देवेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस टीम बुलंदशहर सहित अन्य स्थानों पर भी जांच में जुटी है।

 

About The Author