Categories

June 13, 2026

बरेली में तीन पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, SSP अनुराग आर्य की बड़ी कार्रवाई

 

सोशल मीडिया पॉलिसी उल्लंघन, अवैध वसूली और महिला प्रकरण में लापरवाही पर कार्रवाई

बरेली, । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बरेली अनुराग आर्य ने विभागीय अनुशासन और जवाबदेही को लेकर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। अलग-अलग मामलों में लापरवाही, गंभीर आरोप और सोशल मीडिया पॉलिसी के उल्लंघन को लेकर यह कार्रवाई की गई।

सोशल मीडिया पॉलिसी उल्लंघन पर SI लाइन हाजिर

थाना फरीदपुर में तैनात उप निरीक्षक शुभम सोम पर सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 के उल्लंघन का आरोप लगा है। जानकारी के अनुसार 24 मई को इंस्टाग्राम आईडी si_shubh_thakur से की गई पोस्ट संज्ञान में आने के बाद जांच में उक्त आईडी SI शुभम सोम की पाई गई। SSP ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया है। मामले की प्रारंभिक जांच जारी है।

अवैध हिरासत और वसूली के आरोप में SI निलंबित

थाना प्रेमनगर में तैनात उप निरीक्षक शुभम चौधरी पर युवक को अवैध हिरासत में रखकर मारपीट करने और 50 हजार रुपये लेने के गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायतकर्ता राहुल शंखधार ने SSP को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 22 मई को उसे हिरासत में लेकर सादे कागज पर हस्ताक्षर कराए गए। आरोपों को गंभीर मानते हुए SSP ने तत्काल प्रभाव से SI शुभम चौधरी को निलंबित कर निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं।

महिला प्रकरण में लापरवाही पर कार्रवाई

महिला संबंधी शिकायत में कार्रवाई न करने पर थाना हाफिजगंज में तैनात उप निरीक्षक चन्द्रपाल सिंह को निलंबित किया गया है। पीड़िता ने शादी समारोह में मोबाइल तोड़ने, छेड़खानी और पीछा करने की शिकायत की थी, लेकिन FIR दर्ज नहीं की गई। मामले में लापरवाही सामने आने पर SSP ने विभागीय जांच बैठा दी है।

SSP बोले— अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं

SSP अनुराग आर्य ने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग में कर्तव्यों के प्रति लापरवाही, संवेदनशील मामलों में उदासीनता और किसी भी प्रकार की अनियमितता को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

About The Author