Categories

September 13, 2026

रामपुर में दर्दनाक सड़क हादसा:  बज्र वाहन  में पुलिसकर्मी की मौत, महिला कांस्टेबल गंभीर घायल

रामपुर। शाहजादनगर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर धमौरा स्थित ओवरब्रिज के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस के वज्र वाहन में सवार सिपाही की मौत हो गई, जबकि महिला कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा किसी अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से हुआ।

मृतक सिपाही की पहचान बुलंदशहर जिले के अनूपशहर थाना क्षेत्र के गांव मऊ निवासी अशोक (पुत्र जयपाल) के रूप में हुई है। अशोक वर्तमान में जनपद बरेली की परिवहन शाखा में तैनात थे। वह अपनी पत्नी प्रभा और छह वर्षीय बेटे आरव के साथ बरेली में किराए के मकान में रह रहे थे।

जयपुर से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, सिपाही अशोक पुलिस के वज्र वाहन को लेकर किसी कार्यवश जयपुर गए थे। शनिवार सुबह करीब छह बजे वह बरेली लौट रहे थे। धमौरा ओवरब्रिज के पास पहुंचते ही सामने से आए एक अज्ञात वाहन ने पुलिस वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वज्र वाहन के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में सिपाही अशोक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार महिला कांस्टेबल आरती गंभीर रूप से घायल हो गईं।

कड़ी मशक्कत के बाद निकाले गए पुलिसकर्मी

हादसे की सूचना मिलते ही धमौरा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे अशोक और महिला कांस्टेबल आरती को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। तब तक अशोक दम तोड़ चुके थे। गंभीर रूप से घायल आरती को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

परिवार में मचा कोहराम

पुलिस ने अशोक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया और घटना की सूचना परिजनों को दी। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।

शाहजादनगर थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटा रही है।

 

About The Author