
गाजियाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय सूर्य प्रताप चौहान की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की भूमिका भी स्पष्ट कर दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार, बकरीद के दिन सूर्य चौहान को उसके परिचित असद ने फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। आरोप है कि असद और उसके साथियों ने सूर्य से “क्या कभी बकरा हलाल होते देखा है?” पूछने के बाद विवाद किया और उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सूर्य को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में नोएडा सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि वारदात सुनियोजित थी और पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दी गई। मृतक के बड़े भाई यश चौहान की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसके मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, दो संदिग्ध हिरासत में
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में नामजद आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस हमले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
मृतक की मां और परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस का पक्ष
एसीपी इंदिरापुरम ने बताया कि हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो अन्य संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts
गोरखपुर : PUBG में 3 लाख रुपये हारे 11वीं के छात्र ने रची अपने अपहरण की झूठी कहानी, AI से बनवाई ‘खून से लथपथ’ फोटो
बरेली : समय पर राजस्व टीम पहुंचती तो कलेक्ट्रेट तक नहीं पहुंचता मामला, पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार
बरेली : सुरक्षा के साथ सम्मान भी: शेरगढ़ पुलिस ने कांवड़ियों को बांटी टी-शर्ट