Categories

June 13, 2026

बरेली में युवक का शव सागौन के खेत में मिला, सिर पर चोट के निशान से हत्या की आशंका

बरेली । फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक 22 वर्षीय युवक का शव खेत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक गुरुवार से लापता था और शुक्रवार सुबह उसका शव सागौन के खेत में मिला। युवक के सिर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मामला फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गांव ठिरिया खेतल का है। यहां रहने वाले 22 वर्षीय राजेश प्रजापति पुत्र सुम्मेरी लाल प्रजापति का शव शुक्रवार सुबह सहोड़ा महाराज जी के पास जंगल में सागौन के खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

बताया जा रहा है कि राजेश प्रजापति ईंट भट्टे पर ईंट निकासी का काम करता था। परिजनों के मुताबिक गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे वह दो लोगों के साथ भट्टे से घर लौटा था और अपने साथ हफ्ते की मजदूरी के रुपये भी लाया था। कुछ समय बाद वह अचानक घर से गायब हो गया। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए थे।

शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने सहोड़ा महाराज जी के पास सागौन के खेत में युवक का शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के सिर के पिछले हिस्से में चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है और हत्या की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों में चर्चा है कि युवक को आखिरी बार दो लोगों के साथ देखा गया था। पुलिस दोनों संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं मृतक की जेब से 25 हजार 760 रुपये बरामद होने की बात सामने आई है।

About The Author