Categories

August 13, 2026

IGI एयरपोर्ट पर 6 घंटे तक फंसे 180 यात्री, स्पाइसजेट की दिल्ली-पुणे उड़ान रद्द

नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की दिल्ली से पुणे जाने वाली फ्लाइट SG 939 तकनीकी खराबी के कारण पहले करीब छह घंटे तक विलंबित रही और बाद में रद्द कर दी गई। इस दौरान विमान में सवार होने वाले 180 से अधिक यात्री घंटों तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे। यात्रियों ने एयरलाइन पर सही जानकारी न देने, अव्यवस्था और लापरवाही का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई की रात 9:15 बजे रवाना होने वाली फ्लाइट लगातार तकनीकी जांच के कारण विलंबित होती रही। देर रात करीब 3:30 बजे तक भी यात्रियों को उड़ान की स्पष्ट स्थिति नहीं बताई गई। इसके बाद फ्लाइट को रद्द कर दिया गया, जिससे यात्रियों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

यात्रियों का आरोप है कि लंबे इंतजार के दौरान एयरलाइन की ओर से न तो समय पर जानकारी दी गई और न ही खाने-पीने तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई। एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट कर्मचारियों और यात्रियों के बीच तीखी बहस भी हुई, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा।

एक यात्री रमेश चंद्र सोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपना बोर्डिंग पास साझा करते हुए डीजीसीए, प्रधानमंत्री कार्यालय और एयरपोर्ट अथॉरिटी से मामले में हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने लिखा कि विमान में घंटों तक मेंटेनेंस का काम चलता रहा, जिससे विमान की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हुए। उन्होंने यह भी बताया कि वह मधुमेह (डायबिटीज) के मरीज हैं और लंबे इंतजार के कारण उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

यात्रियों ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय और डीजीसीए से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इतनी लंबी देरी के बावजूद एयरलाइन ने यात्रियों को समय पर सही जानकारी नहीं दी।

वहीं, स्पाइसजेट की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 27 जुलाई 2026 को दिल्ली से पुणे जाने वाली फ्लाइट SG 939 तकनीकी खराबी के कारण पहले विलंबित हुई और बाद में सुरक्षा कारणों से रद्द कर दी गई। एयरलाइन के अनुसार प्रभावित यात्रियों के लिए एक अतिरिक्त उड़ान संचालित की गई तथा हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया गया।

About The Author