Categories

October 3, 2026

बरेली : स्वर्गीय प्रोफेसर श्याम बिहारी स्मृति प्रीमियर लीग 5 अक्टूबर से

बरेली। बरेली के उभरते युवा क्रिकेटरों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वर्गीय प्रोफेसर श्याम बिहारी स्मृति स्टेडियम प्रीमियर लीग का आयोजन 5 अक्टूबर से बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 12 अक्टूबर को खेला जाएगा। प्रतियोगिता में छह टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 13 मुकाबले खेले जाएंगे।

ईशान ग्वाल, स्वर्गीय श्याम बिहारी के बेटे ने कहा कि बरेली में युवा क्रिकेट प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उचित मंच और अवसर के अभाव में कई प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पातीं। इसी उद्देश्य से बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहले प्रोफेसर श्याम बिहारी स्मृति क्रिकेट लीग का आयोजन किया गया था, जिसमें शहर के युवा खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। इसके बाद चयनित खिलाड़ियों को छह टीमों में शामिल किया गया।

लीग के लिए ट्रायल 20 सितंबर को रेलवे ग्राउंड, रोड नंबर-4, इज्जतनगर में संपन्न हुए। ट्रायल में चयनकर्ता के रूप में इंडियन रेलवे के खिलाड़ी माजिद हसन खान और शिवकुमार राठी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता में शामिल छह टीमों के कप्तान इस प्रकार हैं बरेली धमाका डायनामोज के कप्तान फैजान जाफरी, बरेली तूफानी टाइगर्स के कप्तान मोहित कुमार, बरेली झुमका जायंट्स के कप्तान साई सक्सेना, बरेली बांसुरी ब्लास्टर्स के कप्तान अरुण यादव, बरेली दबंग डेयरडेविल्स के कप्तान प्रतीक पाल और बरेली नाथ नगरी किंग्स के कप्तान बंटी मौर्या हैं।

आयोजकों ने बताया कि खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के दौरान कलर्ड जर्सी, प्रोफेशनल अंपायर्स, टर्फ विकेट और लाइव स्ट्रीमिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रतियोगिता के विजेता को स्कूटी पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी। दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

About The Author