
दिल्ली पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फहीम पहले से जेल में
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जामिया नगर इलाके में एक 23 वर्षीय दलित युवती के साथ कथित तौर पर कई वर्षों तक दुष्कर्म, जबरन धर्म परिवर्तन और बंधक बनाकर रखने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी फहीम पहले से ही दूसरे मामले में जेल में बंद है। पुलिस ने उसके खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी किया है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि वर्ष 2021 में एक युवक ने इंस्टाग्राम पर खुद को “साहिल” नाम का हिंदू बताकर उससे संपर्क किया। बाद में उसे दिल्ली के बटला हाउस स्थित एक मकान में ले जाया गया, जहां उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया। बाद में युवती को पता चला कि आरोपी का असली नाम फहीम है।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी और उसके परिवार के लोगों ने उसे मेरठ ले जाकर जबरन इस्लाम कबूल करवाया तथा उसका नाम बदलकर “आयशा” रख दिया। युवती ने यह भी दावा किया कि उसके आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेजों में भी बदलाव किए गए।
शिकायत के अनुसार, आरोपी परिवार ने दलित युवती को लंबे समय तक घर में बंधक बनाकर रखा और कई लोगों द्वारा उसका यौन शोषण कराया। विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी का भाई उसकी तीन वर्षीय बेटी को छत से उल्टा लटकाकर धमकाता था।
एफआईआर के मुताबिक, मई 2022 में युवती को कथित तौर पर बंदूक की नोक पर मदरसे ले जाकर निकाह कराया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने कहा था कि वह “हिंदू लड़की से शादी कर उसे इस्लाम कबूल करवाकर जन्नत हासिल करना चाहता है।”
पीड़िता ने बताया कि जनवरी 2025 में आरोपी के जेल जाने के बाद वह अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ बल्लभगढ़ भागने में सफल रही। इसके बावजूद आरोपी उसे लगातार फोन कर धमकियां देता रहा। बाद में एनजीओ की मदद से उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
दिल्ली पुलिस ने 14 मई को जामिया नगर थाने में दुष्कर्म, आपराधिक धमकी, गलत तरीके से बंधक बनाने, जबरन धर्म परिवर्तन और मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
(पीड़िता की पहचान कानूनन गोपनीय रखी गई है।)

Related Posts
भारत के दिग्गज निशानेबाज जसपाल राणा का निधन, खेल जगत में शोक की लहर
₹3 करोड़ रिश्वत कांड: नकली दवा रैकेट की जांच में CBI की बड़ी कार्रवाई, IPS अधिकारी तलब
थाईलैंड से भारत लाया गया साइबर ठगी का मास्टरमाइंड, CBI की बड़ी कामयाबी