
बरेली। थाना किला पुलिस ने नकली सोने के पेंडल के जरिए सुनारों को ठगने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो पुरुष और एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से असली-नकली आभूषण, फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन, डायरी और नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, जकाती निवासी विपिन कुमार रस्तोगी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने पहले विश्वास जीतकर करीब 190 ग्राम के 19 नकली सोने के पेंडल असली बताकर दिए और बदले में लगभग 20 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। इस मामले में थाना किला में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सीडीआर और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस को पता चला कि मुकदमे में नामित भगवान सिंह का वास्तविक नाम महेंद्र है।
बुधवार को गश्त के दौरान पुलिस ने श्मशान भूमि फाटक के पास मिट्टी के टीले से महेंद्र, उसके साथी सुरेश तथा महिला आरोपी बबली उर्फ बब्बू को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी में 11 पीली धातु के पेंडल (सोने की मोहरें), 4 नकली पेंडल, एक सफेद धातु की चेन, चार चूड़ियां, एक अंगूठी, एक फर्जी आधार कार्ड, छह डायरी, तीन मोबाइल फोन और 10,550 रुपये नकद मिले हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
एसपी सिटी मानुष पारिक ने बताया कि वे अलग-अलग शहरों में सुनारों से पहले असली आभूषण गिरवी रखकर भरोसा जीतते थे। इसके बाद नकली धातु पर सोने की परत चढ़ाकर उसे असली बताकर भारी रकम और आभूषण ठग लेते थे। पहचान छिपाने के लिए फर्जी पहचान पत्रों का भी इस्तेमाल किया जाता था। ठगी से मिली रकम गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी महेंद्र, सुरेश तथा अलवर निवासी बबली उर्फ बब्बू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों के खिलाफ बरेली के थाना किला औरथाना बिथरी चैनपुर में भी धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Posts
बरेली : समय पर राजस्व टीम पहुंचती तो कलेक्ट्रेट तक नहीं पहुंचता मामला, पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार
बरेली : सुरक्षा के साथ सम्मान भी: शेरगढ़ पुलिस ने कांवड़ियों को बांटी टी-शर्ट
बरेली : एंबुलेंस के उपकरण जांचने के लिए CMO ने खुद चेक कराई शुगर-BP, 102 एंबुलेंस का किया निरीक्षण