
बरेली। थाना कैंट पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी की पांच घटनाओं का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने कुख्यात ‘पंखिया गैंग’ के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी के माल की बिक्री से प्राप्त 1.82 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सलमान पुत्र खलील निवासी ग्राम मिलक, थाना सुभाषनगर है। उसे मुखबिर की सूचना पर एपेक्स हॉस्पिटल से करेली जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा 1.82 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथियों अफरीद, मुजाहिद, कादिम रसूल और अमीर खां उर्फ मारुती के साथ मिलकर थाना कैंट और सुभाषनगर क्षेत्र में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। गिरोह बंद मकानों की रेकी कर पीछे के रास्ते या छत के माध्यम से घरों में प्रवेश कर नकदी और जेवरात चोरी करता था।
पुलिस के मुताबिक रामेश्वर धाम कॉलोनी, ग्राम चौबारी और बालाजी धाम कॉलोनी में हाल ही में हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। पूछताछ में सलमान ने इन घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि बरामद 1.82 लाख रुपये चोरी के माल की बिक्री में उसके हिस्से की रकम है।
आरोपी के खिलाफ थाना कैंट और सुभाषनगर में दर्ज चोरी के मुकदमों के अलावा अवैध हथियार बरामद होने पर आयुध अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ महाराजगंज, पीलीभीत तथा बरेली में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के शेष माल की बरामदगी के लिए दबिश दे रही है। इस कार्रवाई में थाना कैंट प्रभारी निरीक्षक संजय धीर, एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Posts
3 करोड़ की गड़बड़ी, फूड कोर्ट पर सवालों की बौछार: अब एडिशनल कमिश्नर करेंगे जांच
बरेली में शराब तस्करी गिरोह पर शिकंजा, 5 सदस्यीय गैंग का माफिया के रूप में चिन्हीकरण
अतीक के शूटर आबिद को इलाहाबाद हाईकोर्ट से सशर्त जमानत, राजू पाल हत्याकांड में बड़ा फैसला