
ऑपरेशन सिंदूर में पश्चिमी वायु कमान की कमान संभाल चुके हैं जीतेंद्र मिश्रा, करीब 39 साल वायुसेना में दी सेवा
अयोध्या/देवरिया। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट का पहला CEO (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) नियुक्त किया है। ट्रस्ट की ओर से 2 सितंबर को उनकी नियुक्ति की घोषणा की गई। जीतेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना में करीब 39 वर्ष सेवा दे चुके हैं और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पश्चिमी वायु कमान की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
जीतेंद्र मिश्रा मूल रूप से देवरिया जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर बनकटा क्षेत्र के भोेपतपुरा गांव के रहने वाले बताए गए हैं। उनके राम मंदिर ट्रस्ट के CEO बनने की खबर गांव पहुंचते ही परिवार और ग्रामीणों में खुशी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी और जय श्रीराम के नारे लगाए।
चाचा बोले- पहले देश की सेवा की, अब प्रभु श्रीराम की सेवा का मौका
जीतेंद्र मिश्रा के चाचा रामप्यारे मिश्रा, जो मालवीय इंटर कॉलेज में हेड क्लर्क रहे हैं, ने उनकी नियुक्ति पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि जीतेंद्र ने लंबे समय तक भारतीय वायुसेना में रहकर देश की सेवा की और अब उन्हें प्रभु श्रीराम से जुड़े कार्य की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने इसे परिवार और गांव के लिए गौरव का क्षण बताया।
रामप्यारे मिश्रा के मुताबिक, जीतेंद्र के पिता नथुनी मिश्रा का वर्ष 2022 में निधन हुआ था। इसके बाद पैतृक गांव भोपतपुरा में उनका कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें जीतेंद्र भी शामिल हुए थे। हालांकि, शिक्षा और सैन्य सेवा के कारण उनका अधिकांश समय दिल्ली में ही बीता।
परिवार का भी दिल्ली से जुड़ाव
परिवार के मुताबिक, जीतेंद्र मिश्रा की पत्नी वत्सला देवी गृहिणी हैं। उनके दो बेटे हैं। एक बेटा लंदन में पीएचडी कर रहा है, जबकि दूसरा बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। जीतेंद्र के छोटे भाई देवेंद्र मिश्रा दिल्ली के मौलाना आजाद अस्पताल में मैनेजिंग डायरेक्टर बताए गए हैं।
सैन्य अनुभव को मंदिर प्रशासन में मिलेगा इस्तेमाल
जीतेंद्र मिश्रा के लंबे सैन्य अनुभव को राम मंदिर के बढ़ते प्रशासन, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और बड़े स्तर के संचालन में उपयोगी माना जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर में पश्चिमी वायु कमान के प्रमुख के तौर पर उनकी भूमिका रही थी और उन्हें सर्वोच्च युद्ध सेवा मेडल (SYSM) भी प्राप्त हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया गर्व का पल
भोपतपुरा गांव के ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने जीतेंद्र मिश्रा की नियुक्ति को पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान और गौरव की बात बताया। रिश्तेदार जगदीश मिश्रा ने कहा कि जीतेंद्र ने सेना में सेवा दी और अब उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिली है, यह परिवार के लिए बेहद खुशी और सम्मान का विषय है।
गौरतलब है कि राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी का मामला सामने आने के करीब तीन महीने बाद ट्रस्ट द्वारा पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को CEO नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के साथ मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक कामकाज को और व्यवस्थित करने तथा सुरक्षा एवं प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Posts
वाराणसी में 40 साल के यूरोलॉजिस्ट ने किया सुसाइड, कमरे में मिला शव
बरेली: कान्हा उपवन में सेवा को उतरे विहिप-बजरंग दल कार्यकर्ता, मेयर ने भी की साफ-सफाई
मायावती ने भतीजी दीपिका को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी का संकेत, परिवारवाद पर भी दो टूक