Categories

June 13, 2026

‘मंदिर मत जाओ’ से धर्म परिवर्तन के दबाव तक, TCS केस की चार्जशीट में बड़े दावे

नासिक । महाराष्ट्र के नासिक में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) से जुड़े कथित यौन शोषण और धर्म परिवर्तन मामले में विशेष जांच दल (SIT) की चार्जशीट में कई नए आरोप दर्ज किए गए हैं। चार्जशीट के अनुसार, 23 वर्षीय शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उस पर धर्म परिवर्तन के लिए मानसिक दबाव बनाया गया और इस दौरान उसे इस्लाम से संबंधित वीडियो एवं धार्मिक सामग्री दिखायी गई।

चार्जशीट में दर्ज बयान के मुताबिक, मुख्य आरोपी दानिश शेख पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे हिंदू धार्मिक गतिविधियों से दूर रहने तथा इस्लामी रीति-रिवाज अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

जांच दस्तावेजों के अनुसार, शिकायतकर्ता को कुछ धार्मिक उपदेशकों और पाकिस्तानी मौलवियों के वीडियो देखने के लिए कहा गया था। उसके बयान में यह भी उल्लेख है कि धर्म परिवर्तन करने से मानसिक तनाव कम होने जैसी बातें उसे बताई गईं।

एफआईआर में सह-आरोपी निदा खान और अन्य व्यक्तियों पर भी आरोप लगाए गए हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, कुछ कर्मचारियों पर धार्मिक प्रथाओं को अपनाने के लिए दबाव बनाने संबंधी शिकायतों की भी जांच की जा रही है।

SIT द्वारा दायर पहली चार्जशीट में 106 गवाहों के बयान शामिल किए गए हैं। मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच जारी है। अदालत में आरोपों की अभी न्यायिक जांच और सुनवाई होनी बाकी है।

इस मामले पर TCS ने कहा है कि कंपनी किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, भेदभाव या दबाव के प्रति “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाती है। कंपनी ने संबंधित कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है और जांच एजेंसियों के साथ सहयोग कर रही है।

About The Author