
नांदेड़। महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के माहुर तहसील क्षेत्र में सरकारी प्राथमिक स्कूल की जर्जर छत का हिस्सा अचानक भरभराकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में कक्षा में मौजूद 6 छात्राएं घायल हो गईं। इनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा सकूर जिला परिषद प्राथमिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुआ। घटना के समय पहली से पांचवीं कक्षा तक की करीब 15 से 20 छात्राएं कक्षा में मौजूद थीं। इसी दौरान छत का प्लास्टर और सीमेंट-कंक्रीट का भारी मलबा अचानक बच्चों के ऊपर गिर गया।
शिक्षकों की तत्परता से बच्चों को सुरक्षित निकाला
छत गिरते ही स्कूल में चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद शिक्षकों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए मलबे में फंसी और घायल छात्राओं को बाहर निकाला तथा सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घायल छात्राओं को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
एक छात्रा को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है, जबकि अन्य पांच छात्राओं को मामूली चोटें आने पर प्राथमिक उपचार दिया गया।
जर्जर स्कूल भवन को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद स्कूल भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, स्कूल की इमारत लंबे समय से जर्जर हालत में थी। इसके बावजूद भवन की मरम्मत और रखरखाव को लेकर पर्याप्त कार्रवाई नही होने का आरोप है।
इस घटना ने जिला परिषद के स्कूल भवनों की सुरक्षा, नियमित निरीक्षण और समय पर मरम्मत की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों में भी घटना को लेकर चिंता और नाराजगी है।

Related Posts
शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 1,100 अंक से ज्यादा टूटा
बंगलुरू के फाइव स्टार होटलों में सड़ा खाना मिला 26 होटल-रेस्तरां की जांच , मिलावटखोरों के लिए काल बने तुकाराम
प्रख्यात अभिनेता प्रदीप रावत का निधन, फिल्म और टीवी जगत में शोक की लहर