Categories

October 3, 2026

प्रख्यात अभिनेता प्रदीप रावत का निधन, फिल्म और टीवी जगत में शोक की लहर

मुंबई। हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से पहचान बनाने वाले वरिष्ठ अभिनेता प्रदीप रावत का मंगलवार, 4 अगस्त 2026 को 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वे लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे और पिछले एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन की पुष्टि उनके मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने की है।

प्रदीप रावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बी.आर. चोपड़ा के चर्चित टीवी धारावाहिक ‘महाभारत’ में अश्वत्थामा की भूमिका से की थी। इसके बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा में कई यादगार किरदार निभाए। वे लगान, सरफरोश, गजनी, बेजू बावरा, आवारापन और ग्रैंड मस्ती जैसी फिल्मों में नजर आए। दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी उन्होंने कई प्रभावशाली खलनायक की भूमिकाएं निभाईं।

‘गजनी’ में उनका निभाया गया विलेन का किरदार काफी लोकप्रिय हुआ। उन्होंने पहले तमिल फिल्म ‘गजनी’ (2005) और बाद में उसके हिंदी रीमेक में भी वही भूमिका निभाई थी।

अभिनेता यशपाल शर्मा समेत फिल्म जगत की कई हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके निधन की खबर से फिल्म और टीवी उद्योग में शोक की लहर है।

About The Author