
बरेली। भमोरा थाना क्षेत्र के गांव कुड्डा में अगस्त 2024 में हुई रामबेटी की हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी महेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान सामने आए चिकित्सकीय, मौखिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतका के बेटे महेंद्र सिंह की भूमिका प्रथमदृष्टया सामने आई।
पुलिस के अनुसार, 6/7 अगस्त 2024 की रात गांव कुड्डा में रामबेटी की हत्या के संबंध में थाना भमोरा में मुकदमा दर्ज किया गया था। शुरुआत में नत्थू सिंह समेत अन्य लोगों को नामजद किया गया था। विवेचना के दौरान नामजद आरोपियों की घटनास्थल पर मौजूदगी और उनके खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की गई।
विवेचना में विशेषज्ञ राय और उपलब्ध साक्ष्यों के परीक्षण से पुलिस ने मृतका की मृत्यु भोजन करने के करीब दो से चार घंटे के भीतर होने की बात सामने आने का उल्लेख किया है। पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात मृतका अपने सामान्य सोने के स्थान के बजाय अपने बेटे महेंद्र सिंह के घर पर मौजूद थी। घटना से पहले और घटना के समय महेंद्र सिंह तथा उसकी पत्नी की गतिविधियों और घटना के बाद पुलिस को दी गई सूचनाओं समेत अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच की गई।
एसआईटी ने की जांच
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बरेली के स्तर से इस मुकदमे की विवेचना के लिए एसआईटी गठित की गई थी। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक अपराध के पर्यवेक्षण में थाना कैंट के प्रभारी निरीक्षक एवं विवेचक संजय कुमार धीर के नेतृत्व में भमोरा पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस ने बताया कि 30 सितंबर 2026 को आरोपी महेंद्र सिंह पुत्र अमर सिंह, निवासी ग्राम कुड्डा, थाना भमोरा, उम्र करीब 37 वर्ष को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से रिमांड स्वीकृत होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी दर्ज
पुलिस प्के अनुसार महेंद्र सिंह के खिलाफ भमोरा थाने में पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2016 का मारपीट और गाली-गलौज का मामला, वर्ष 2021 में आर्म्स एक्ट का मुकदमा, वर्ष 2022 में तोड़फोड़ व मारपीट का मामला और वर्ष 2025 में भी मुकदमा शामिल है।

Related Posts
बरेली : स्वर्गीय प्रोफेसर श्याम बिहारी स्मृति प्रीमियर लीग 5 अक्टूबर से
बरेली में 60.98 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार, कैंट पुलिस ने की कार्रवाई
बरेली में स्पा सेंटर की आड में अनैतिक गतिविधियों का धंधा फल फूल रहा ,ऐसा ही एक वीडियो सिग्नेचर स्पा सेंटर का वायरल