हैदराबाद/तेलंगाना। तेलंगाना में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने एक नर्स को उसके प्रेमी और एक अन्य साथी के साथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने पहले पति की हत्या की साजिश रची और असफल रहने पर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर इंजेक्ट कर उसकी जान ले ली।
पुलिस के अनुसार, मृतक प्रशांत हाल ही में खाड़ी देश से भारत लौटा था। लौटने के बाद उसे अपनी पत्नी संध्या के प्रेम संबंधों की जानकारी मिली, जिसके चलते दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगा।
जांच में सामने आया कि 30 जून को संध्या, उसके प्रेमी और उसके दोस्त ने प्रशांत को पहले शराब पिलाई, फिर उसके साथ मारपीट कर घर की छत से नीचे धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद प्रशांत की जान बच गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आरोप है कि अस्पताल में इलाज के दौरान नर्स संध्या ने अपनी ड्यूटी का फायदा उठाते हुए पति की नस में लगी ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर इंजेक्ट कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।


Related Posts