मुंबई। मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेन में गेट खोलने को लेकर हुआ मामूली विवाद एक युवक की जान ले बैठा। अंधेरी और बोरीवली स्टेशन के बीच चलती ट्रेन में हुए झगड़े के दौरान एक यात्री ने 22 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। रेलवे पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार घटना मंगलवार रात करीब 10:42 बजे चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल के फर्स्ट क्लास डिब्बे में हुई। मृतक की पहचान मयंक लोहार (22) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी रोशन सुवर्ण बताया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अंधेरी स्टेशन से ट्रेन चलने के बाद दोनों के बीच ट्रेन का दरवाजा खुला रखने को लेकर बहस शुरू हुई। आरोपी दरवाजा खुला रखना चाहता था, जबकि मयंक बारिश का हवाला देते हुए इसका विरोध कर रहा था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चाकू निकालकर मयंक के पेट में वार कर दिया।
घायल मयंक को बोरीवली स्टेशन पर उतारकर रेलवे मेडिकल रूम ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कांदिवली स्थित शताब्दी अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी चलती ट्रेन से उतरकर फरार हो गया था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और रेलवे पुलिस की सात टीमों की मदद से उसे बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
मृतक मयंक निजी कंपनी में कार्यरत था और रोजाना विरार से अंधेरी नौकरी के लिए सफर करता था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोकल ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि पिछले चार महीनों में मुंबई लोकल में दरवाजे को लेकर विवाद के बाद हत्या की यह दूसरी बड़ी घटना है। रेलवे पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


Related Posts
महाराष्ट्र के सरकारी स्कूल में बड़ा हादसा: जर्जर छत का हिस्सा भरभराकर गिरा, 6 छात्राएं घायल; एक की हालत गंभीर
शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 1,100 अंक से ज्यादा टूटा
बंगलुरू के फाइव स्टार होटलों में सड़ा खाना मिला 26 होटल-रेस्तरां की जांच , मिलावटखोरों के लिए काल बने तुकाराम