Categories

October 20, 2026

पंजाब में आप सरपंच की दिनदहाड़े हत्या, बाइक सवार हमलावरों ने बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जारी कर आरोपियों की पहचान के लिए मांगी मदद, पत्नी ने लगाया 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोप

तरनतारन। पंजाब के पट्टी विधानसभा क्षेत्र के गांव तूत में मंगलवार को आम आदमी पार्टी के सरपंच अश्वनी कुमार उर्फ अश्वनी देवगन की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई, जब सरपंच अपनी इनोवा कार से दाना मंडी स्थित अपनी आढ़त की दुकान की ओर जा रहे थे। बस स्टैंड के पास बाइक सवार दो नकाबपोश हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

कार पर कई गोलियां चलाईं

पुलिस के मुताबिक, हमलावर बाइक पर सवार थे और उनके चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। उन्होंने सरपंच की कार पर कई गोलियां चलाईं। फायरिंग में कार के शीशे भी टूट गए। हमले में सरपंच को तीन गोलियां लगीं। उनके साथ मौजूद ड्राइवर चमकौर सिंह भी गोली के छर्रे लगने से घायल हो गए।

आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को तत्काल पट्टी सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अश्वनी कुमार को मृत घोषित कर दिया। घायल ड्राइवर का उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, सरपंच के शरीर पर दो गोलियां अलग–अलग जगह लगीं, जबकि एक गोली सीधे हार्ट में लगी। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हुई।

पत्नी ने लगाया 50 लाख की फिरौती मांगने का आरोप

मृतक सरपंच की पत्नी परवीन कुमारी ने आरोप लगाया कि उनके परिवार को पिछले कुछ समय से धमकियां मिल रही थीं। उनके मुताबिक, परिवार से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही थी और रकम नहीं देने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई थी।

पत्नी का कहना है कि धमकियां किसी गैंग की ओर से दी जा रही थीं। उन्होंने इस संबंध में अपने पति को भी जानकारी दी थी। हालांकि पुलिस अब इस एंगल की भी जांच कर रही है कि हत्या का संबंध फिरौती की धमकी से है या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

अस्पताल में परिजनों का हंगामा

हत्या की सूचना मिलते ही पट्टी सिविल अस्पताल में मृतक के परिजन और समर्थक बड़ी संख्या में पहुंच गए। उन्होंने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए नारेबाजी की और पुलिस अधिकारियों को घेर लिया। तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

मौके पर पट्टी के डीएसपी रवि शेर सिंह, पट्टी सिटी थाना प्रभारी विपिन कुमार और थाना सदर प्रभारी गुरचरण सिंह समेत पुलिस टीम पहुंची और स्थिति को संभाला।

सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे।

पुलिस ने संदिग्धों की तस्वीरें जारी कर लोगों से उनकी पहचान और ठिकाने के संबंध में जानकारी देने की अपील की है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच जारी है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है

About The Author