Categories

August 13, 2026

महाराष्ट्र में गहराया ईंधन संकट, पेट्रोल पंपों पर 2 किमी लंबी कतारें

मुंबई/छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र में पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत से हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। राज्य के कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर दो से तीन किलोमीटर लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जबकि कई पेट्रोल पंप पूरी तरह बंद हो चुके हैं। ईंधन संकट का असर आम जनजीवन, खेती-किसानी और परिवहन व्यवस्था पर साफ दिखाई दे रहा है।

जानकारी के अनुसार नागरिक रात से ही पेट्रोल पंपों के बाहर अपनी गाड़ियां लेकर लाइन में खड़े हो रहे हैं। कई लोग अपनी बारी आने तक पेट्रोल पंपों के पास ही रुके हुए हैं। स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि पानी सप्लाई करने वाले टैंकरों को भी डीजल नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीण इलाकों में किसान कृषि कार्यों के लिए डीजल की कमी से परेशान हैं।

कुछ जगहों पर लोग ड्रम और डिब्बों में पेट्रोल-डीजल भरकर ले जाते नजर आए। आशंका के चलते कई लोग ईंधन का अतिरिक्त स्टॉक जमा कर रहे हैं, जिससे संकट और गहरा गया है।

छत्रपति संभाजीनगर में 10 से अधिक पेट्रोल पंप बंद होने की खबर है। ईंधन खत्म होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक NEET छात्र आयुष ताते ने बताया कि पेट्रोल नहीं मिलने के कारण उसे अपनी स्कूटी करीब तीन किलोमीटर तक खींचकर घर ले जाना पड़ा।

आयुष ने कहा, “हम सुबह 11 बजे निकले थे। तीन-चार पेट्रोल पंपों पर गए, लेकिन हर जगह लंबी कतारें थीं। कुछ लोगों ने रात से ही अपनी गाड़ियां लाइन में लगा रखी थीं। जब हमारी बारी आई तो बताया गया कि पेट्रोल खत्म हो चुका है।”

राज्य में बढ़ते संकट को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। हालांकि प्रशासन की ओर से स्थिति सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन फिलहाल आम नागरिकों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।

About The Author