
हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली; डिब्रूगढ़ AMCH में आज होगा पोस्टमार्टम
सलोनी सिंह । ब्यूरो ।
डिब्रूगढ़/गुवाहाटी।असम के चर्चित होटल बिलास इन हत्याकांड का मुख्य आरोपी घनकांत गोगोई बुधवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के अनुसार, वह हथियार बरामदगी अभियान के दौरान पुलिसकर्मी की रिवॉल्वर छीनकर भागने की कोशिश कर रहा था। आरोपी का शव डिब्रूगढ़ स्थित असम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (AMCH) की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां आज सुबह 10 बजे के बाद डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
हथियार बरामदगी के दौरान छीनी सर्विस रिवॉल्वर
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए एक विशेष टीम आरोपी को लेकर जा रही थी। रास्ते में घनकांत ने एक सब-इंस्पेक्टर की सर्विस रिवॉल्वर झपट ली और पुलिस दल पर फायरिंग कर दी। अचानक हुए हमले में पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई हुई। आत्मरक्षा और आरोपी को रोकने के लिए पुलिस को जवाबी गोलीबारी करनी पड़ी। फायरिंग में गंभीर रूप से घायल घनकांत को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
5 लोगों की नृशंस हत्या से दहल उठा था राज्य
गौरतलब है कि बीते दिनों गुवाहाटी स्थित ‘होटल बिलास इन’ में अंधाधुंध गोलीबारी की वारदात को अंजाम दिया गया था। इसमें होटल मालिक के परिवार के सदस्यों समेत कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। प्रारंभिक जांच में इस वीभत्स हत्याकांड के पीछे होटल की लीज और संपत्ति विवाद की बात सामने आई थी। वारदात के बाद से ही पुलिस टीम आरोपी की सघन तलाश में जुटी थी।
अस्पताल परिसर में सुरक्षा कड़ी
घटना के बाद असम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (AMCH) परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस प्रशासन ने बताया कि दंडाधिकारी की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले में अग्रिम कानूनी व विभागीय जांच जारी है।

Related Posts
असम : जोरहाट में वन विभाग का बड़ा एक्शन, 4 कथित शिकारी गिरफ्तार; गैंडे के हमले में एक गंभीर घायल
तिनसुकिया में सड़क का गड्ढा बना हादसे की वजह, बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल; एम्बुलेंस की देरी पर लोगों में आक्रोश
राहुल गांधी को असम आने का न्योता या विवादित तंज? हिमंत बिस्वा सरमा बोले- बॉर्डर पार करवा दूंगा