Categories

August 13, 2026

राम मंदिर चढ़ावा गड़बड़ी मामला: आरोपी ने कबूला, दोस्तों और परिवार पर खर्च किए 19 लाख रुपये

अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा गड़बड़ी मामले में गिरफ्तार आरोपी अविनाश शुक्ला से पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर गबन की गई रकम में से करीब 19 लाख रुपये अपने दोस्तों और परिवार के लोगों पर खर्च करने की बात स्वीकार की है।

पूछताछ में सामने आया कि अविनाश ने अपने एक भाई की शादी में करीब 6 लाख रुपये खर्च किए, जबकि दूसरे भाई को 5 लाख रुपये दिए। इसके अलावा उसने करीब 3.5 लाख रुपये की एक कार खरीदी, जिसे पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है।

पुलिस का दावा है कि आरोपी ने अपने एक दोस्त के खाते में करीब 2.5 लाख रुपये ट्रांसफर किए और उसे एक महंगा मोबाइल फोन भी उपहार में दिया। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि कथित गबन की रकम किन-किन लोगों तक पहुंची।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के भाई के नाम खरीदी गई जमीन, बैंक खातों और अन्य वित्तीय लेन-देन की भी जांच शुरू कर दी है। जिन लोगों तक यह रकम पहुंची है, उनसे धन की वसूली के लिए कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

इस मामले में पुलिस पहले ही आरोपी के कब्जे से 20.39 लाख रुपये नकद, 1,121 अमेरिकी डॉलर, सोने-चांदी के आभूषण, अन्य कीमती सामान और एक कार बरामद कर चुकी है। पुलिस पूरे नेटवर्क और धन के लेन-देन की कड़ियों की जांच में जुटी है।

About The Author